'ये निशान मुझे हमेशा तुम्हें किए वादे की याद दिलाता रहेगा', जब यकीन दिलाने के लिए राज कपूर ने जला लिया था अपना हाथ
सिनेमा जगत के शो-मैन राज कपूर काम को लेकर बहुत प्रोफेशनल थे। इसके साथ ही वह अपने वादों के भी पक्के थे। वह जो भी करते थे उसमें जी जान लगा देते थे। चाहे वो फिर उनकी एक्टिंग हो, फिल्में बनाना हो, मोहब्बत करना हो या फिर किसी से किए वादे को पूरा करना हो। एक वक्त था जब उन्हें सिंगर महेंद्र कपूर से वादा किया था कि वह उन्हें अपनी फिल्म में गाना गाने का मौका देंगे और इस वादे को याद करने के लिए राज कपूर ने खुद के हाथ पर सिगरेट से जलाकर निशान बनाया था।
नरगिस के लिए राज कपूर के प्यार को हर कोई जानता है। कहा जाता है कि जब नरगिस उनसे दूर गई थीं तो वह खुद को सिगरेट से जलाया करते थे। राज कपूर ने ऐसा केवल नरगिस ही नहीं सिंगर महेंद्र कपूर के लिए भी किया था। किस्सा 60 के दशक का है, जब केवल मुकेश कुमार, राज कपूर की पसंद हुआ करते थे। वह अपनी हर फिल्म में उनसे गाना गवाते थे। इसी बीच राज कपूर रूस के ताशकंद में एक स्टेज शो के लिए गए थे, जहां सिंगर महेंद्र कपूर की गायकी सुन वह उनके कायल हो गए।
स्टेज शो में राज कपूर ने भी अपनी फिल्मों के गाने गाए और दोनो की जुगलबंदी देख वहां बैठे दर्शक काफी खुश हुए। इसके बाद राज कपूर ने कहा, "देखा एक कपूर ही कपूर को मात दे सकता है।" महेंद्र के हुनर से खुश होकर राज कपूर ने उनसे अपनी फिल्म में गाना गवाना चाहते थे, लेकिन उन्हें मुकेश से किया वादा याद आ गया।
उस वक्त मुकेश को राज कपूर की आवाज कहा जाता था। ऐसे में राज कपूर ने महेंद्र से कहा कि वह चाहते हैं कि वो उनकी फिल्मों में गाएं लेकिन वह ऐसा नहीं कर सकते, क्योंकि उनकी आवाज मुकेश हैं। इसपर महेंद्र ने कहा कि मुकेश उनके भी अच्छे दोस्त हैं और वह भी नहीं चाहेंगे कि वो मुकेश के बदले राज कपूर की फिल्मों में गाएं।
इसके बाद राज कपूर ने महेंद्र से वादा किया कि जो उनकी अगली फिल्म का दूसरा हीरो होगा, उसकी आवाज महेंद्र ही बनेंगे। ये सुनकर महेंद्र ने कहा, "आप बड़े आदमी है आपको वादा कहां याद रहेगा। ऐसा मजाक न करें, यहां से जाने के बाद आप भूल जाएंगे।"
उस वक्त राज कपूर सिगरेट पी रहे थे और महेंद्र की बात सुन उन्होंने सिगरेट से अपने हाथ पर निशा बनाया और कहा, "ये निशान मुझे हमेशा तुम्हें दिए वादे की याद दिलाता रहेगा।" इसके बाद उन्होंने ये वादा पूरा किया और अपनी फिल्म 'संगम' में राजेंद्र कुमार का गाना महेंद्र कपूर से गवाया।
Comments
Post a Comment